राजस्थान में इबोला का संदिग्ध केस, युगांडा से जयपुर आई महिला में दिखे लक्षण; आइसोलेशन वार्ड में भर्ती

राजस्थान में इबोला वायरस का पहला संदिग्ध मामला सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. जयपुर घुमने युगांडा से आई एक विदेशी महिला में इबोला वायरस जैसे लक्षण मिलने के बाद उसे जयपुर के आरयूएचएस अस्पताल में भर्ती कर आइसोलेशन में रखा गया है. महिला की रिपोर्ट आने तक स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.

जानकारी के अनुसार महिला आज तड़के सुबह करीब 4:30 बजे एयर अरबिया की फ्लाइट से शारजाह होते हुए जयपुर पहुंची थी. जयपुर एयरपोर्ट पर नियमित स्क्रीनिंग के दौरान उसकी स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें इबोला संक्रमण जैसे लक्षण सामने आने की आशंका जताई गई. इसके बाद तत्काल उसे एयरपोर्ट से आरयूएचएस अस्पताल भेज दिया गया.

आइसोलेशन में रखी गई है महिला

अस्पताल प्रशासन ने महिला को विशेष निगरानी में रखते हुए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है. आरयूएचएस अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनिल गुप्ता ने बताया कि अभी इबोला संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है. महिला के सैंपल जांच के लिए पुणे स्थित लैब में भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला इबोला वायरस से संक्रमित है या नहीं.

अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. अस्पताल में महिला का इलाज जारी है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है. संक्रमण की आशंका को देखते हुए चिकित्सा टीम को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.

महिला की जांच रिपोर्ट आज सुबह तक आने की संभावना है. रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण की पुष्टि हो पाएगी. वहीं स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. विभाग ने कहा है कि लोग केवल आधिकारिक सूचना और जानकारी पर भी भरोसा करें. सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर जारी किसी भी सूचना पर भरोसा न करें.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com