इटावा: नीम के पेड़ से ‘दूध’ बहने की चर्चा, जमुना बाग के पास उमड़ी भारी भीड़… आस्था और जिज्ञासा का अनोखा दृश्य

जसवंतनगर (इटावा): जसवंतनगर क्षेत्र के जमुना बाग के निकट जल पोखरा गांव में उस समय कौतूहल और आस्था का माहौल बन गया, जब राधे-राधे ढाबा के पीछे एक ट्यूबवेल के पास स्थित नीम के पेड़ से सफेद रंग का तरल पदार्थ निकलते देखा गया. यह नीम का पेड़ अजय कुमार पुत्र रामगोपाल के खेत में स्थित है, जिसकी उम्र लगभग 10 वर्ष से अधिक बताई जा रही है.
ग्रामीणों का दावा है कि पेड़ से निकल रहा यह सफेद तरल “दूध” जैसा है और इसे भगवान की कृपा से जुड़ा संकेत माना जा रहा है। सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 500 से अधिक लोग यहां आकर इस दृश्य को देख चुके हैं. कई लोगों ने तरल पदार्थ का स्वाद भी चखा और दावा किया कि इसमें हल्का मीठापन है. कुछ लोग इसे बोतलों में भरकर अपने साथ भी ले गए.
खेत मालिक अजय कुमार ने बताया कि सबसे पहले इट-भट्टे पर रह रहे मजदूरों ने उन्हें इसकी जानकारी दी। मजदूरों का कहना था कि इस तरल को पीने पर मीठा स्वाद महसूस हुआ, जिसके बाद खबर तेजी से फैल गई. देखते ही देखते पेड़ के आसपास भीड़ जुट गई और श्रद्धालु इसे चमत्कार मानकर नमन करने लगे.











