Teacher News: शिक्षक से दिनदहाड़े 50 हजार की उठाईगिरी, बाइक सवार बदमाश फरार

Teacher News:बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लखराम में शनिवार को बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे एक शिक्षक को शिकार बनाकर बदमाशों ने 50 हजार रुपये लूट लिए।

बाइक सवार दो युवक रास्ता पूछने के बहाने शिक्षक के पास पहुंचे और मौका मिलते ही थैले से नगदी निकालकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

घटना ग्राम भरारी निवासी शिक्षक रामनारायण ताम्रकार के साथ हुई, जिनकी पोस्टिंग गोंदईया स्कूल में है। वह लखराम स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा से 50 हजार रुपये निकालकर लौट रहे थे।

रास्ते में शराब दुकान के पास बाइक सवार दो युवक आए और सरवन देवरी जाने का रास्ता पूछने लगे। शिक्षक ने जैसे ही बाइक धीमी की, तभी एक आरोपी ने उनके थैले से रुपये निकाल लिए और दोनों बदमाश फरार हो गए।

पीड़ित शिक्षक ने शोर मचाकर राहगीरों को सूचना दी और पुलिस को खबर दी।

रतनपुर थाना प्रभारी संजय सिंह राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि बदमाशों ने बैंक से ही शिक्षक की रेकी की थी और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बैंक का सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है और आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

उधर, घटना स्थल के आसपास अवैध गतिविधियों का अड्डा होने की जानकारी भी सामने आई है।

शराब दुकान के पास आहाता और किराना दुकान की आड़ में अवैध चखना सेंटर चल रहे हैं। ठेले में भी अवैध रूप से चखना बेचा जाता है, जहां दिन भर शराबियों की भीड़ लगी रहती है।

इन गतिविधियों के कारण राहगीरों, विशेषकर महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि इसके बावजूद आबकारी विभाग और पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है।