मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव: ईरान-इजराइल-अमेरिका संघर्ष पर भारत ने जताई गहरी चिंता, नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह

मिडिल ईस्ट में ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच जारी सैन्य टकराव के बीच भारत ने हालात पर गहरी चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि क्षेत्र में हाल के घटनाक्रम गंभीर हैं और सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत ईरान और खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव को लेकर चिंतित है। सभी पक्षों से अपील की गई है कि वे स्थिति को और न बिगाड़ें, आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और तनाव कम करने के लिए संवाद और कूटनीति का रास्ता अपनाएं। मंत्रालय ने यह भी कहा कि क्षेत्रीय अखंडता और सभी देशों की संप्रभुता का सम्मान किया जाना चाहिए।

सरकार ने बताया कि क्षेत्र में मौजूद भारतीय नागरिकों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। उन्हें सतर्क रहने, भारतीय मिशनों के संपर्क में रहने और स्थानीय सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

दरअसल, इजराइल और अमेरिका की ओर से ईरान पर हमलों के बाद ईरान ने भी पलटवार करते हुए इजराइल के साथ-साथ मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। दोनों ओर से लगातार हमलों के कारण क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान पर किए गए हमलों से वहां के लोगों को अपना भविष्य तय करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने ईरानी नेतृत्व पर क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने और इजराइल को नुकसान पहुंचाने की मंशा रखने का आरोप लगाया है।

मौजूदा हालात को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है और कई देश स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। भारत ने स्पष्ट किया है कि स्थायी समाधान केवल बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों से ही संभव है।

close