महिलाओं की चैन झपटकर होते थे फरार: अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश, बिना नंबर स्कूटी से देते थे वारदात को अंजाम

बिलासपुर, 22 जून 2026
बिलासपुर में महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ओडिशा से संचालित इस गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है। मामले का खुलासा एसएसपी रजनेश सिंह ने किया।
पुलिस के अनुसार, तोरवा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चैन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल था। बदमाश सुबह के समय अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गहने और कीमती सामान लूट लेते थे।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि आरोपी ओडिशा से बिलासपुर आते थे और स्थानीय सहयोगियों के घरों में ठहरकर सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्कूटी भी जब्त कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों में शिव सिंह, शक्ति प्रसाद, नवीन साहू, प्रमोद सिंह, अतुल मुंडा और बसंता खड़िया शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में हुई तीन लूट और चैन स्नैचिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह संगठित रूप से विभिन्न राज्यों में ऐसी वारदातों को अंजाम देता था। इसी वजह से आरोपियों पर आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ी गई हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।











