15 साल के लड़के का किडनैप कर लाठी से पीटा:जंगल में ले जाकर की पिटाई, आरोपियों ने वीडियो भी बनाया

करौली में कोतवाली थाना क्षेत्र में 15 साल के लड़के का कथित किडनैप और जंगल में बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीड़ित को जातिसूचक शब्द कहकर प्रताड़ित किया और घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो सामने आया है। पीड़ित की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित की मां ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि में उसका 15 साल का बेटा एक मिठाई की दुकान पर काम करता है। 28 जून की शाम करीब 6 बजे वह काम से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में गुडला निवासी अभिषेक गुर्जर अपने तीन-चार साथियों के साथ मिला और पीड़ित पर दुकान से पैसे लाने का दबाव बनाने लगा। जब मना किया, तो आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और गुडला बांध के पास जंगल में ले गए।
गुडला बांध के पास जंगल में बेरहमी से पीटा
रिपोर्ट के अनुसार जंगल में आरोपियों ने नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट की। उसे जमीन पर पटक कर पीटा और उल्टा लटकाकर भी मारा गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने मारपीट का वीडियो बनाया, जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और जान से मारने की धमकी भी दी।
हाथ, कमर पर अन्य हिस्सों में आई चोटें, इलाज जारी
मारपीट में घायल किशोर के हाथ, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित की मां ने रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके बेटे का मोबाइल फोन और घड़ी भी छीन ली। पीड़ित परिवार ने अपनी सुरक्षा की मांग की है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
करौली डीएसपी अनुज शुभम ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और उनकी तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











