दुर्ग में बंद मकान में चोरी:दशगात्र कार्यक्रम में गया था परिवार, दीवार फांदकर अंदर घुसा चोर; ऑटो से भागा

दुर्ग जिले के अंजोरा चौकी पुलिस ने कुछ घंटों में ही एक आदतन चोर को चोरी के माल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी दीपक वर्मा उर्फ जीतू को पुलिस ने शिवनाथ नदी के नीचे बने पुल से चोरी के माल और वाहन सहित पकड़ा। आरोपी के कब्जे से कुल 3 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, परिवार दशगात्र कार्यक्रम में गया था। तभी दीवार फांदकर चोर अंदर घुसा था। लोगों ने देखा तो चोरी का सामान लेकर ऑटो में भाग गया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी वाले दिन वह अपने साथ रॉड भी रखा था।

पाटन में दशगात्र कार्यक्रम में गया हुआ था परिवार

जानकारी के अनुसार ग्राम महमरा के रहने वाले पीड़ित विक्की सेन (27 साल) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 23 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ दशगात्र कार्यक्रम में पाटन गया हुआ था।

जब वह 29 अक्टूबर की रात वापस लौटा, तो देखा कि उसके घर का ताला टूटा हुआ है और पेटी में रखे 1,000 रुपए नगद और एक मोबाइल फोन कीमत 1,500 रुपए चोरी हो गए हैं।

रात में गश्त के दौरान मिला चोर

चौकी अंजोरा में मामला दर्ज कर जांच की गई। पुलिस ने तुरंत मुखबिर लगाकर आरोपी की तलाश शुरू की। रात में गश्त के दौरान पुलिस टीम को पप्पू होटल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मिला, जिसे पकड़कर पूछताछ की गई।

सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम दीपक वर्मा उर्फ जीतू (27 साल) बताया, जो रायपुर का रहने वाला है। वह दुर्ग में शांति नगर देवांगन के मकान में किराये पर रह रहा था।

दीवार फांद कर घुसा था अंदर

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने विक्की सेन के घर की दीवार फांदकर अंदर घुसकर ताला तोड़ा और नगदी व मोबाइल चोरी किया। जब मोहल्ले के लोगों की आवाजें आईं, तो वह अपने ऑटो (CG 04 QY 2166) से भाग गया।

पकड़े जाने के डर से उसने वाहन को शिवनाथ नदी ब्रिज के नीचे छिपा दिया था, जहां उसने चोरी का मोबाइल, नगदी रकम और ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी रखी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वाहन, मोबाइल फोन, नगदी रकम व रॉड जब्त कर ली।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले थाना पुलगांव में चोरी के दो मामलों में गिरफ्तार हो चुका है और एक आदतन चोर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

close