खौलते पानी से झुलसी थी युवती,CM योगी से मांगी मदद:पीड़िता बोली- कॉन्स्टेबल को लाइन हाजिर कर देना मेरे लिए न्याय नहीं

जयपुर के जगतपुरा में मोमोज बेचने वाली युवती रेशु गुप्ता पर 19 जून की शाम पुलिसकर्मी ने खौलता (गर्म) पानी फेंक दिया था।

अब ये मामला उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया है। यूपी के अलग-अलग संगठनों ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महिला आयोग और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग को पत्र भेजकर युवती की सुरक्षा, पुनर्वास और सम्मानजनक रोजगार की मांग की है।

मामले के बाद राजस्थान सरकार ने पीड़िता के लिए कई राहत घोषणा की। इस पर पीड़िता का कहना है कि ‘कॉन्स्टेबल को लाइन हाजिर कर देना मेरे लिए न्याय नहीं है।’

बता दें कि रेशु गुप्ता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अंबेडकर जिले की रहने वाली है। पिता के निधन के बाद अपनी बहन के साथ रोजगार की तलाश में जयपुर आई थीं। घटना को लेकर 22 जून को पीड़ित युवती की बहन ने रामनगरिया थाने में एफआईआर दर्ज करवाई थी।

घटना से यूपी में आक्रोश, योगी से मांगी मदद

पीड़ित युवती मूल रूप से यूपी की रहने वाली है। ऐसे में यूपी में भी घटना के बाद से आक्रोश है। उत्तर प्रदेश से संचालित रेहड़ी-पटरी संचालक राष्ट्रीय संगठन ने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग को पत्र भेजकर पीड़िता के लिए न्याय और पुनर्वास की मांग की है।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम किशोर गुप्ता ने पत्र में बताया कि साल 2020 में रेशु के पिता लाल बहादुर गुप्ता के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर आ गई थी। ऐसे में जयपुर में हुई यह घटना उनके जीवन पर गहरा असर डालने वाली है।

पत्र में राष्ट्रीय महिला आयोग और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग से आग्रह किया गया है कि वे इस अमानवीय घटना का स्वतः संज्ञान (सुओ मोटू) लें और पीड़िता के पुनर्वास, सुरक्षा एवं आर्थिक सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाएं।

यूपी में वेंडिंग जोन उपलब्ध कराने की अपील

संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया है कि रेशु गुप्ता को उत्तर प्रदेश के किसी प्रमुख शहर में विकसित वेंडिंग जोन में जगह उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक रोजगार मिल सके।

इसके साथ ही प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने की भी मांग की गई है, ताकि आर्थिक मजबूरी के कारण युवाओं और रेहड़ी-पटरी संचालकों को दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े।

जरूरत पड़ी तो ‘पिंक वेंडिंग जोन’ में दिलाएंगे जगह

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम किशोर गुप्ता ने बताया कि यदि सरकारी स्तर पर सहायता मिलने में समय लगता है तो संगठन अपने स्तर पर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में संचालित पिंक वेंडिंग जोन में रेशु गुप्ता को दुकान या कार्ट लगाने के लिए जगह उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।

श्याम किशोर गुप्ता ने बताया कि संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही जयपुर पहुंचेगा। यह दल प्रताप नगर स्थित रेशु गुप्ता के निवास पर जाकर उनसे और उनकी बहन खुशबू से मुलाकात करेगा। उन्हें हर संभव विधिक और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा देगा।

पीड़िता बोली- मेरे शरीर का आधा हिस्सा जल चुका

मामले में राज्य पुलिस विभाग ने तुरंत एक्शन लिया है। आरोपी कॉन्स्टेबल नरेंद्र को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं सरकार ने पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च उठाने, आर्थिक सहायता देने और परिवार के पुनर्वास के लिए डेयरी बूथ आवंटित करने की घोषणा की है।

सरकार ने पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च उठाने, आर्थिक सहायता देने और परिवार के पुनर्वास के लिए डेयरी बूथ आवंटित करने की घोषणा की है। इस पर उन्होंने कहा- मेरी सरकार से ऐसी कोई डिमांड नहीं है। सरकार अपने मन से मेरे लिए फैसला ले रही है। मैं चाहती हूं सरकार मुझे न्याय दिलाए। मेरे भविष्य को ध्यान में रखते हुए फैसला ले।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close