तेज रफ्तार का कहर: इटावा में सड़क किनारे खड़े लोगों को कार ने रौंदा, एक की मौत; दो घायल

इटावा: तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ. फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक तेज गति से आ रही कार ने सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दतावली निवासी गुलाब सिंह की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार, गुलाब सिंह अपने काम में लगे हुए थे, तभी अचानक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में उनके साथ काम कर रहे वीरू पुत्र विजय सिंह निवासी रामपुर नावली थाना इकदिल और वहां से गुजर रहे 17 वर्षीय निखिल पुत्र कृष्ण मुरारी निवासी रामनगर भी घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया. गुलाब सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. अन्य दोनों घायलों का उपचार जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के वक्त कार में एक युवक और युवती सवार थे. टक्कर के बाद कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
पुलिस जांच में सामने आया कि कार का नंबर UP 75 AV 8620 है, जो पक्का बाग निवासी आदित्य कुमार शर्मा के नाम पंजीकृत है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और क्या चालक नशे में था. मृतक गुलाब सिंह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनके पीछे तीन बच्चों का परिवार है, जिन पर अब आर्थिक संकट मंडरा रहा है.
थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है. फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.











