गरियाबंद में उफनते नाले ने ली ग्रामीण की जान, तेज बहाव में बहने के बाद 5 किमी दूर मिला शव

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच उफनते नाले को पार करने की कोशिश एक ग्रामीण के लिए जानलेवा साबित हुई। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के सरगी नाला में तेज बहाव के दौरान बह जाने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। करीब एक घंटे की तलाश के बाद उसका शव घटनास्थल से लगभग पांच किलोमीटर दूर बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, सहसपुर निवासी थनवार यादव अपने एक साथी के साथ धूर्सा गांव आए थे। सुबह करीब सात बजे के बाद लगातार बारिश से सरगी नाला का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। वापसी के दौरान उनके साथी और आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तेज बहाव के कारण नाला पार नहीं करने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर नाला पार करने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोग लगातार उन्हें रोकते रहे, जबकि कुछ लोग पूरी घटना का वीडियो भी बना रहे थे। जैसे ही थनवार यादव तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंचे, पानी की तेज धारा उन्हें बहाकर ले गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे बाद उनका शव खूंटेरी गांव के पास, घटनास्थल से लगभग पांच किलोमीटर दूर मिला।

फिंगेश्वर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लगातार हो रही बारिश के दौरान लोगों से उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम नहीं उठाने और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com