जीवनसाथी के बिछड़ने का दर्द बना मौत की वजह, धमतरी में युवक ने किया सुसाइड

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है। पत्नी के निधन के गहरे सदमे में एक व्यक्ति ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के निधन के बाद तनाव में था युवक
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ब्राह्मण पारा निवासी अनिल सोनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था। पत्नी के जाने के बाद से अनिल काफी परेशान और मानसिक तनाव में रहने लगा था। परिजनों के मुताबिक वह अक्सर गुमसुम रहता था और पत्नी को याद कर भावुक हो जाता था।
जहर खाने के बाद बिगड़ी हालत
बताया जा रहा है कि गुरुवार को अनिल ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।











