15 करोड़ का होगा प्रोजेक्ट:80 फीट चौड़ा होगा गौरवपथ-2, दिसंबर से होगा काम, पाथवे व ग्रीनरी रहेगी खास

घड़ी चौक से शंकर नगर चौक तक गौरवपथ की तर्ज पर बिजली आफिस चौक बूढ़ापारा से पचपेड़ी नाका तक गौरवपथ-2 तैयार किया जा रहा है। नगर निगम ने इसकी नापजोख कर डीपीआर तैयार कर ली है। इसके अनुसार 2.3 किमी की यह पूरी सड़क एक समान 80 फीट चौड़ी होगी। अभी यह सड़क कहीं पर 65, 70 और कहीं 77 फीट चौड़ी है। इसे व्यवस्थित कर एक समान चौड़ाई की जाएगी। सड़क पर अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। सड़क चौड़ीकरण के लिए सरकारी जमीन का ही उपयोग किया जाएगा। निजी जमीनों का उपयोग नहीं किया जाएगा। सड़क की चौड़ाई बढ़ने के साथ ही दोनों तरफ पाथवे और ग्रीनरी होने से पूरी सड़क की सुंदरता बढ़ेगी।

बिजली ऑफिस चौक से पचपेड़ी नाका तक की पूरी सड़क आवासीय और व्यावसायिक मिश्रित है। यह शहर का पुराना इलाका होने के साथ-साथ शहर के रिंग रोड से जोड़ने वाला है। सिद्धार्थ चौक से पचपेड़ी नाका तक का पूरा इलाका व्यावसायिक है। सड़क के दोनों तरफ बड़े-बड़े व्यावसायिक परिसर हैं। गौरवपथ बनने से इस सड़क की उपयोगिता बढ़ जाएगी। 2026 के दिसंबर से पहले तक गौरवपथ-2 के रूप में राजधानी के लोगों को एक अच्छी सड़क मिलेगी।

गौरवपथ-2 बनने से ट्रैफिक जाम की समस्या दूर होगी, सुंदर होगा शहर

  • जाम से राहत: गौरवपथ-2 से शहर के इस हिस्से में अभी ट्रैफिक जाम की समस्या है। सड़क के विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी से आवाजाही आसान होगी।
  • ईंधन की बचत: कम जाम, बेहतर सड़क से वाहनों को कम से कम समय लगेगा और गाड़ियों की पेट्रोल-डीजल की खपत भी कम होगी। फायदा सबको मिलेगा।
  • सुरक्षा: बेहतर सड़क और कनेक्टिविटी होने से आपातकालीन सेवाओं (एंबुलेंस, फायर सर्विस आदि) का पहुंच समय कम हो सकता है।
  • आर्थिक विकास: बेहतर सड़क-नेटवर्क से आसपास की वाणिज्यिक गतिविधियां, रियल एस्टेट वैल्यू, लॉजिस्टिक्स आदि में भी वृद्धि हो सकती है।
  • सौन्दर्यीकरण: प्रोजेक्ट में न केवल सड़क का निर्माण होगा बल्कि, बल्कि शहर की छवि जैसे सड़क की सफाई, ग्रीनरी आदि बेहतर करने का अवसर मिलेगा।

प्रॉपर्टी की वैल्यू बढ़ेगी

गौरवपथ-2 बनने के बाद इस सड़क के आसपास प्रापर्टी की वैल्यू बढ़ जाएगी। अभी इस सड़क में लो-राईज, हाई-राईज मकान हैं। साथ ही व्यावसायिक परिसर, शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल, नर्सिंग होम, प्रशासनिक कार्यालय, कब्रिस्तान, धार्मिक संरचनाएं है। गौरवपथ-2 बनने से आवासीय और व्यावसायिक प्रापर्टी की वैल्यू में तेजी से वृद्धि होगी।

close