4644 दिनों का इंतजार खत्म… हशमतुल्लाह शाहिदी का पहला ODI शतक, भारत के खिलाफ खेली यादगार पारी

भारत और अफगानिस्तान के बीच चेन्नई के मैदान पर तीसरे वनडे मुकाबले में अफगान टीम के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने एक ऐसी मैराथन पारी खेली, जिसे क्रिकेट इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा. शुरुआती झटकों के बाद लड़खड़ाती अफगान पारी को संभालते हुए शाहिदी ने अपने 13 साल लंबे वनडे करियर का पहला और ऐतिहासिक शतक जड़ दिया. अपनी इस यादगार पारी के दौरान उन्होंने मैदान के चारों तरफ कुल 14 चौके और छक्के लगाए.

13 साल के वनडे करियर में पहला शतक

हशमतुल्लाह शाहिदी ने साल 2013 में अपना वनडे डेब्यू किया था, लेकिन इस पहली शतकीय पारी के लिए उन्हें करीब 13 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा. इसी के साथ वह वनडे क्रिकेट के इतिहास में डेब्यू के बाद पहले शतक के लिए सबसे ज्यादा दिनों तक इंतजार करने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं. उन्हें अपना पहले वनडे शतक के लिए 4644 दिनों का इंतजार करना पड़ा. इस पारी में उन्होंने 131 गेंदों का सामना करते हुए 102 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और 1 छक्का शामिल रहा.

वनडे डेब्यू से पहले शतक के बीच सबसे ज्यादा दिनों का इंतजार

  • रेजिस चकाबवा (जिम्बाब्वे): 5040 दिन (2008-22)
  • सुनील गावस्कर (भारत): 4858 दिन (1974-87)
  • अर्जुन रणतुंगा (श्रीलंका): 4674 दिन (1982-94)
  • हशमतुल्लाह शाहिदी (अफगानिस्तान): 4644 दिन (2013-26)*
  • नासिर हुसैन (इंग्लैंड): 4639 दिन (1989-03)

अफगानिस्तान के लिए दूसरा सबसे धीमा वनडे शतक

चेन्नई की पिच पर जहां टीम इंडिया के गेंदबाज लगातार दबाव बना रहे थे, वहां शाहिदी ने काफी संभलकर बल्लेबाजी की. उन्होंने अपना शतक पूरा करने के लिए 126 गेंदें लीं. यह अफगानिस्तान के क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे धीमा वनडे शतक भी है. इससे पहले इब्राहिम जादरान ने साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 131 गेंदों पर शतक पूरा किया था. भले ही शाहिदी की यह पारी रफ्तार के मामले में थोड़ी धीमी रही हो, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ की घातक गेंदबाजी के सामने जिस तरह उन्होंने एक छोर थामे रखा उसने अफगानिस्तान को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com