कुत्ता बांधा, शराब पिलाई… फिर कुल्हाड़ी से 9 वार: प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की खौफनाक हत्या, पुलिस ने किया खुलासा

इटावा: जिले के भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम पड़ियापुर में हुई दिल दहला देने वाली हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पहले से पूरी साजिश रची और फिर कुल्हाड़ी से बेरहमी से उसकी हत्या कर दी.
पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रनवीर सिंह यादव (45) पुत्र लाखन सिंह निवासी पड़ियापुर के रूप में हुई है. हत्या रविवार रात करीब 8 बजे खेत में बने मकान में की गई. घटना के बाद सोमवार सुबह शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया था.
पति-पत्नी के बीच अक्सर होता रहता था विवाद
एएसपी ग्रामीण श्रीशचंद ने पुलिस खुलासे में बताया कि आरोपी पत्नी पूजा और उसके प्रेमी अर्पित के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध थे. इसकी जानकारी रनवीर को हो चुकी थी, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. रनवीर द्वारा लगातार विरोध किए जाने से नाराज होकर दोनों ने उसे मौत के घाट उतारने की योजना बना ली.
शोर न हो इसलिए कुत्ते को बबूल के पेड़ से बांध दिया
पूछताछ में सामने आया कि वारदात से पहले पूजा ने घर में मौजूद कुत्ते मोती को बबूल के पेड़ से बांध दिया ताकि किसी तरह का शोर न हो सके. इसके बाद उसने पति रनवीर को शराब पिलाई. जब वह नशे में पूरी तरह बेसुध हो गया तो पूजा और अर्पित ने मिलकर उस पर कुल्हाड़ी से लगातार नौ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
बच्ची को साथ लेकर प्रेमी के साथ हो गई फरार
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी बिना स्टार्ट की बाइक को मुख्य मार्ग तक ले गए और फिर पूजा अपनी बच्ची को साथ लेकर प्रेमी अर्पित के साथ फरार हो गई. बच्ची को बाद में रिश्तेदार के यहां छोड़ दिया गया. दोनों रात भर छिपते रहे और पैसों का इंतजाम करते रहे.
अन्हैया नदी के पास से दोनों आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
एसएसपी के निर्देश पर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया. मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भरथना-बिधूना रोड स्थित अन्हैया नदी के पास से दोनों आरोपियों को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें जेल भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.











