2.50 लाख की चोरी का खुलासा: कोतवाली पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

कोरबा में कोतवाली पुलिस ने ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी हुआ लगभग 2.50 लाख रुपए का पूरा सामान भी बरामद कर लिया है। यह सफलता पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में मिली।
यह घटना 9 जून 2026 को हुई थी। पावर हाउस रोड निवासी विमल जाजोदिया ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी दुकान एशियन ट्रेडर्स में अज्ञात चोरों ने पीछे से घुसकर डायनेक्स कंपनी का इन्वर्टर, बिरला ओपस पेंट के डिब्बे, बॉश कंपनी की ड्रिल मशीन और ब्रेकर मशीन सहित अन्य सामान चुरा लिया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निरीक्षक एमबी पटेल के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सक्रियता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर लक्ष्मणबन तालाब निवासी मनीष यादव (19 वर्ष) और प्रकाश चौहान (19 वर्ष) को हिरासत में लिया।
कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया लगभग 2.50 लाख रुपए मूल्य का पूरा सामान बरामद कर लिया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत ऐसे अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।











