दिल्ली के बॉर्डर पर नहीं होगा ट्रैफिक जाम, AI और कैमरों से वसूला जाएगा टैक्स

दिल्ली आने-जाने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है. आने वाले समय में दिल्ली की सीमाओं पर स्थित टोल प्लाजा पर गाड़ियों को रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी. नगर निगम (MCD) एक नया और मॉडर्न टोल कलेक्टिंग सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रहा है, जिससे टोल टैक्स अपने आप कट जाएगा और वाहनों की आवाजाही पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगी.
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, MCD ने दिल्ली के 154 एंट्री पॉइंट्स पर मौजूदा टोल और पर्यावरण क्षतिपूर्ति शुल्क (ECC) वसूली सिस्टम को अपग्रेड करने की योजना बनाई है. इसके तहत मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम लगाया जाएगा. इस तकनीक की मदद से वाहन बिना रुके टोल पार कर सकेंगे और टैक्स अपने आप कट जाएगा.
कैसे काम करेगा नया सिस्टम?
नई व्यवस्था में RFID तकनीक, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रडार और अन्य आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया जाएगा. यह तकनीक काफी हद तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर इस्तेमाल होने वाले FASTag सिस्टम जैसी होगी, लेकिन इसमें और भी एडवांस फीचर्स जोड़े जाएंगे.
दिल्ली के कई प्रमुख बॉर्डर जैसे गाजीपुर, बदरपुर, राजोकरी और दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर रोजाना भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिलता है. टोल भुगतान के दौरान लगने वाली लंबी कतारों के कारण लोगों का समय बर्बाद होता है और वाहनों में ज्यादा ईंधन की खपत भी होती है.सिस्टम के लागू होने के बाद इन समस्याओं में काफी कमी आने की उम्मीद है. वाहन सीधे अपनी लेन में चलते हुए टोल पार कर सकेंगे, जिससे यात्रा का समय कम होगा.
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
MCD ने स्पष्ट किया है कि जिन वाहनों में RFID टैग नहीं होगा और जिन्हें ANPR कैमरे पहचान लेंगे, उनके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है. ऐसे वाहन मालिकों पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है.
करोड़ों वाहनों को होगा फायदा
MCD के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच 3.18 करोड़ से ज्यादा कारों, टैक्सियों और अन्य हल्के वाहनों ने दिल्ली के टोल पॉइंट्स से प्रवेश किया. इसके अलावा लाखों कमर्शियल वाहन और भारी ट्रक भी रोजाना इन रास्तों से गुजरते हैं. ऐसे में नई तकनीक लागू होने से लाखों लोगों को रोजाना फायदा मिलेगा और टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम में बड़ी कमी आ सकती है.











