घर में घुसकर 22 हजार की चोरी:चोरों ने पर्स और पैंट की जेब से पार किए कैश, सीसीटीवी फुटेज से पहचान, दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर 22 हजार रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज की मदद से हुई है।

यह घटना 5 नवंबर की रात करीब 1.45 बजे देवांगन मोहल्ले में हुई थी। सतीश कुमार देवांगन ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी ने चोर-चोर चिल्लाया, जिसके बाद वे जागे।

उन्होंने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति सीढ़ी से छत पर चढ़कर कूद गया, जबकि उसका एक साथी बाहर रखवाली कर रहा था। दोनों मौके से फरार हो गए।

कमरे की जांच में पैंट की जेब से कैश गायब

कमरे की जांच करने पर सतीश कुमार देवांगन ने पाया कि उनके पर्स और पैंट की जेब में रखे 22 हजार रुपये गायब थे। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

बलौदा थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में रात में घूमते हुए दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करण सिंह मरकाम और प्रदीप यादव के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूला

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

आरोपियों ने बताया कि बाकी रकम उन्होंने खर्च कर दी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।