कवर्धा में करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत, खेत में दौड़ाई गई बिजली बनी पिता-पुत्र के लिए काल

कवर्धा जिले में अलग-अलग दो हादसों में करंट लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। पहली घटना सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के बीरनपुर कला गांव की है, जहां गौकरण पटेल (55) अपने बेटे परमेश पटेल (22) के साथ किराए के खेत में धान की नर्सरी तैयार कर रहे थे। खेत को मवेशियों से बचाने के लिए लगाए गए तारों में थ्री-फेज बिजली प्रवाहित की गई थी। खेत की सफाई के दौरान गौकरण करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने पहुंचे बेटे परमेश भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे गांव में शोक का माहौल है।
दूसरी घटना कुकदूर थाना क्षेत्र के नागाटोला (माठपुर) गांव की है। यहां आठ वर्षीय श्रवण बैगा घर के बाहर खेलते समय सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे की अर्थिंग तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बीरनपुर कला गांव में खेत की सुरक्षा के लिए किसान ने स्वयं अवैध रूप से तारों में बिजली प्रवाहित की थी। विभाग का कहना है कि फसलों को मवेशियों से बचाने के लिए केवल सोलर या बैटरी चालित पल्स फेंसिंग का उपयोग किया जाना चाहिए, जिससे हल्का झटका लगता है और जान का खतरा नहीं होता। मामले की जांच की जा रही है।











