ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी में टीएमसी

पश्चिम बंगाल में विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) को लेकर विवाद के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ खुलकर सामने आ गई है। पार्टी संसद में उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही है। टीएमसी सूत्रों के मुताबिक, पार्टी इसी संसदीय सत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग का नोटिस देने की योजना बना रही है।

बताया जा रहा है कि टीएमसी पहले ही बजट सत्र के पहले चरण में यह कदम उठाना चाहती थी, लेकिन उस समय कांग्रेस की प्राथमिकता लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना था। इसी असहमति के कारण टीएमसी सांसदों ने स्पीकर के खिलाफ लाए जाने वाले प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं किए थे।

अब बजट सत्र के दूसरे चरण में टीएमसी ने स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर विपक्ष का समर्थन करने का फैसला किया है। ऐसे में विपक्षी दलों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए महाभियोग प्रस्ताव लाने पर मौखिक सहमति बनने की बात सामने आ रही है। इसके लिए ड्राफ्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आवश्यक संख्या से अधिक सांसदों के हस्ताक्षर जुटाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि रणनीतिक कारणों से अभी यह तय नहीं किया गया है कि प्रस्ताव लोकसभा में पेश किया जाएगा या राज्यसभा में।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी लंबे समय से चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त पर सवाल उठा रही है। टीएमसी का आरोप है कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहा है और भाजपा के हितों के अनुसार फैसले लिए जा रहे हैं।

विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया की अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मनमाने तरीके से सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक पदों का दुरुपयोग कर अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने की कोशिश कर रही है।

इसी बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए तीन दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे। उनके दौरे के दौरान कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन भी किया और नारेबाजी की। दौरे के दौरान वह चुनाव आयोग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करने वाले हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com