गरियाबंद में मूसलाधार बारिश का कहर, पुल टूटने से दर्जनभर गांवों का संपर्क बाधित

गरियाबंद जिले में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। छुरा तहसील में बरसाती नाले पर बना कुसुमबोड़ा पुल टूट जाने से दर्जनभर गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। वहीं, फिंगेश्वर क्षेत्र में जलभराव के कारण कई घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिले के छुरा और फिंगेश्वर तहसील में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। कुसमी-छुरा मार्ग पर स्थित 40 वर्ष से अधिक पुराने कुसुमबोड़ा पुल के क्षतिग्रस्त होकर टूट जाने से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से नए पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे।
पुल टूटने से कोसमी, नवापारा, सारागांव, दुल्ला, चुरकीदादार और बम्हनी सहित दर्जनभर गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क बाधित हो गया है। यह मार्ग ओडिशा के नुआपड़ा जिले को भी जोड़ता है, जिससे अंतरराज्यीय आवागमन और व्यापार पर भी असर पड़ने की संभावना है।
वहीं फिंगेश्वर के कुम्हार पारा में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। कई परिवारों के घरों में बारिश का पानी घुसने से मिट्टी के बने बर्तन और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रभावित परिवार देर रात से घरों से पानी निकालने में जुटे हैं।
स्थिति को देखते हुए नगर पंचायत ने जलनिकासी के लिए फोकलेन मशीन लगाकर राहत कार्य शुरू किया है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सहायता पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।











