बेमेतरा में दर्दनाक हादसा: दीवार गिरने से 2 मासूम बहनों की मौत, महिला गंभीर घायल

छत्तीसगढ़ के Chhattisgarh के बेमेतरा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राउरपुर में रविवार को एक कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृत बच्चियों की पहचान वंशिका (11 वर्ष) और राधिका (7 वर्ष) पिता ओमप्रकाश कोशले के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला की पहचान शशिकला के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां घर के आंगन में मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक दीवार ढह गई और उसकी चपेट में दोनों बच्चियां समेत महिला आ गईं।
चीख-पुकार सुन दौड़े ग्रामीण
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ चुकी थीं दम
डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला शशिकला की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए Raipur रेफर किया गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्राम राउरपुर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।











