बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: 11 केवी लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत

निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। दीवार जोड़ाई का कार्य कर रहे दो मजदूर 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस तथा बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

बचाने की कोशिश में गई दूसरी जान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान सबसे पहले मजदूर भूपेंद्र साहू का संपर्क मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से हो गया। साथी मजदूर रवि बंजारे उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि एक मजदूर नीचे गिर पड़ा, जबकि दूसरा बिजली के तार में ही फंस गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे के रूप में हुई है, जो अशोक नगर स्थित डीएलएस कॉलेज के पास के निवासी बताए गए हैं।

सुरक्षा मानकों की जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन के पास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com