इटावा-कानपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत, चालक हिरासत में…

इटावा: इटावा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। हरियाणा से हाइड्रा मशीन लेकर कानपुर जा रहे एक ट्रेलर ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
यह हादसा साईं कोल्ड स्टोर, तुलसी अड्डा के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि आदेश और ज्ञान सिंह होटल पर खाना खाने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
मृतकों की पहचान 31 वर्षीय आदेश पुत्र अतर सिंह और 35 वर्षीय ज्ञान सिंह पुत्र रघुवर दयाल के रूप में हुई है. दोनों अड्डा पाय गांव के निवासी थे और आपस में करीबी दोस्त बताए जा रहे हैं। एक साथ दो युवकों की मौत से गांव में शोक की लहर है.
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रेलर ट्रक को कब्जे में लेकर चालक लल्लू राय को हिरासत में ले लिया है. हादसे को लेकर पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. शनिवार को दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए. इस दौरान अस्पताल परिसर में ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ मौजूद रही.
पोस्टमार्टम गृह पर पूर्व सांसद रघुराज शाक्य और समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी सर्वेश शाक्य ने पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की.
मृतक आदेश के भाई सुरेंद्र ने बताया कि हादसे की जानकारी परिवार को सुबह क्षेत्रीय सभासद के माध्यम से मिली. अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है.










