NH पर दर्दनाक हादसा: बाइक फिसलते ही हाईवा ने कुचला, रिटायर्ड कर्मचारी की मौत

बिलासपुर में सोमवार शाम सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक रिटायर्ड कर्मचारी की मौत हो गई। बताया जा रहा कि उनकी बाइक फिसलने से वे सड़क पर गिर पड़े, इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें कुचल दिया। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है।
लखराम निवासी रामसनेही दिनकर इंजीनियरिंग कॉलेज में कर्मचारी रह चुके थे और रिटायरमेंट के बाद वे अपने परिवार के साथ कोनी स्थित मकान में रहते थे। उनका लखराम में पैतृक खेत भी है, जिसके चलते वे खेती-किसानी और अन्य पारिवारिक कार्यों के लिए नियमित रूप से लखराम आते-जाते रहते थे।
NH पर फिसल गई बाइक, गिरते ही हाईवा ने कुचला
सोमवार को भी वे किसी काम से लखराम गए थे, जिसके बाद शाम को बाइक से कोनी लौट रहे थे। वो रानीगांव चौक के पास पहुंचे थे, तभी अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिससे वे सड़क पर गिर गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें कुचल दिया। हाईवा का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
लोगों की जुटी भीड़, पुलिस ने परिजन को दी जानकारी
इस हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही रतनपुर पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने शव की पहचान करने के बाद परिजन को हादसे की जानकारी दी। जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस इस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।











