दो गोल्ड, तीन सिल्वर… रायपुर की सानवी श्रीवास ने स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में किया कमाल, नेशनल के लिए क्वालिफाई

रायपुर, 22 जुलाई 2026

राजधानी रायपुर की युवा निशानेबाज सानवी श्रीवास ने छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और तीन रजत पदक अपने नाम किए हैं। इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता (नेशनल चैंपियनशिप) के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।

छत्तीसगढ़ राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित 25वीं राज्यस्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में सानवी ने 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में अपनी सटीक निशानेबाजी का दम दिखाते हुए कुल पांच पदक जीते। प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने सराहना की।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के महानिदेशक अरुण देव गौतम (IPS), एस.एस. परिहार, एनआरडीए के पूर्व सीईओ बजाज तथा जिंदल पावर के प्रमुख शाह सहित अन्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

सानवी, छत्तीसगढ़ केशशिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास की पुत्री हैं। बेटी की इस उपलब्धि पर गौरीशंकर श्रीवास ने सोशल मीडिया पर खुशी व्यक्त करते हुए लिखा कि सानवी ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण और तीन रजत सहित कुल पांच पदक जीतकर परिवार और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सानवी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।

सानवी की इस उपलब्धि से खेल जगत में उत्साह का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अब उनसे एक और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com