दुर्ग में दो दर्दनाक सड़क हादसे: ट्रक और हाइड्रा की चपेट में आकर 2 युवकों की मौत

दुर्ग जिले में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना में अपने माता-पिता से मिलने गांव जा रहे युवक की अज्ञात ट्रक की टक्कर से जान चली गई, जबकि दूसरी घटना में हाइड्रा वाहन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मोहन नगर थाना क्षेत्र के आमापारा निवासी दीनू साहू उर्फ दीनू राम साहू (34) मिस्त्री का काम करता था। 10 जून की सुबह उसने अपने माता-पिता से मिलने राजनांदगांव जिले के बनबघेरा गांव जाने का निर्णय लिया।

माता-पिता से मिलने जा रहा था युवक, रास्ते में हुआ हादसा

दोपहर करीब 12 बजे वह अपने रिश्तेदार कृष्णा साहू और दोस्त भवानी मांडवी के साथ मोटरसाइकिल (CG 07 DD 4248) से गांव के लिए रवाना हुआ। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही बाइक पर सवार थे और किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।

ओवरटेक करते ट्रक ने मारी टक्कर

दोपहर लगभग 3 बजे रसमढ़ा बायपास रोड के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ओवरटेक करते समय बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक दीनू साहू के सिर में गंभीर चोटें आईं।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं कृष्णा साहू और भवानी मांडवी को मामूली चोटें आई हैं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

दीनू साहू अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके परिवार में पांच साल का एक बेटा और पांच माह की गर्भवती पत्नी है। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार गहरे सदमे में है।

परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद काफी देर तक उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। परिवार के सदस्य अलग-अलग थानों और स्थानों पर जानकारी जुटाते रहे। बाद में अंजोरा चौकी से मृतक की नानी सास को फोन आने पर हादसे की सूचना मिली।

दूसरी घटना में हाइड्रा की टक्कर से मजदूर की मौत

वहीं दूसरी घटना हथखोज स्थित इंजीनियरिंग पार्क के पास हुई। ग्राम अकलोरडीह निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बड़ा भाई सुनील विश्वकर्मा बीआरडब्ल्यू फैब्रिकेशन कंपनी में कार्यरत था।

10 जून को उसे फोन पर सूचना मिली कि सड़क दुर्घटना में उसके भाई की मौत हो गई है। घायल अवस्था में सुनील को डायल-112 की मदद से शासकीय अस्पताल सुपेला ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हाइड्रा चालक पर लापरवाही का आरोप

परिजनों का आरोप है कि हाइड्रा वाहन क्रमांक CG 13 D 6439 के ड्राइवर ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सुनील विश्वकर्मा को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर चोटें आईं और बाद में मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रसमढ़ा बायपास हादसे में अज्ञात ट्रक और उसके ड्राइवर की तलाश की जा रही है। वहीं इंजीनियरिंग पार्क दुर्घटना मामले में हाइड्रा ड्राइवर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर दोनों मामलों की जांच कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com