मिडिल ईस्ट तनाव के बीच इंडिगो की दिल्ली-मैनचेस्टर फ्लाइट का हवा में यू-टर्न

दिल्ली से ब्रिटेन के मैनचेस्टर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E033 को बीच रास्ते से ही वापस दिल्ली लौटना पड़ा। विमान लगभग सात घंटे तक हवा में रहने के बाद वापस लौट आया। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण कुछ देशों ने अचानक अपना एयरस्पेस बंद कर दिया, जिसके चलते उड़ान को आगे बढ़ाना संभव नहीं हो सका।

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार विमान इथियोपिया और एरिट्रिया की सीमा के पास पहुंचने के बाद वापस मुड़ गया। एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा कारणों और हवाई मार्ग पर लगी पाबंदियों की वजह से विमान को आगे भेजना संभव नहीं था, इसलिए उसे वापस बुलाने का फैसला लिया गया।

एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट को दिल्ली वापस लाया गया। कंपनी अब अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द दूसरी उड़ान या वैकल्पिक मार्ग से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।

मिडिल ईस्ट में हालिया घटनाओं के कारण क्षेत्र में तनाव तेजी से बढ़ गया है। इजराइल, ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष के चलते कई इलाकों में हालात गंभीर हो गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने ओमान, यूएई, कतर और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं, जिसके बाद कई देशों ने एहतियातन अपने एयरस्पेस पर प्रतिबंध लगा दिए हैं।

ईरान का कहना है कि वह अमेरिका की कार्रवाई के जवाब में यह कदम उठा रहा है। युद्ध जैसी स्थिति के कारण उस क्षेत्र का हवाई मार्ग लगभग बंद हो गया है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से विमानों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जा रहा है और यूएई के कुछ शहरों जैसे दुबई और अबू धाबी से सीमित उड़ानें अभी भी संचालित हो रही हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close