जशपुर में उमेश पटेल की मांग, स्मार्ट मीटर हटाए जाएं, बिजली दरों में राहत मिले

जशपुर में खरसिया विधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर योजना को लेकर निशाना साधा। गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने सरकार से बिजली दरों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की।
उमेश पटेल ने कहा कि डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की महंगाई से पहले ही परेशान जनता पर सरकार ने बिजली दर बढ़ाकर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। सरकार राजस्व हानि की भरपाई उद्योगपतियों और सरकारी विभागों से बकाया 20 हजार करोड़ रुपए की वसूली कर सकती है। यह जानकारी सरकार ने विधानसभा में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में दी थी।
विधायक उमेश पटेल ने स्मार्ट मीटरों को तत्काल हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर योजना वापस ले चुकी है। इससे स्पष्ट होता है कि योजना में तकनीकी खामियां हैं। प्रदेशभर से उपभोक्ता लगातार शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ढाई साल में 60 पैसे बढ़ी बिजली दर
उमेश पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में बिजली दरों में करीब 60 पैसे की वृद्धि की है, जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों में केवल दो पैसे की बढ़ोतरी हुई थी। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संकट के दौर में सरकार को बिजली दर कम कर लोगों को राहत देनी चाहिए। इससे किसानों और व्यापारियों को भी फायदा मिलेगा।
सरकार को अभी से सतर्क रहने की सलाह
उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग गंभीर ऊर्जा संकट का सामना कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस स्थिति को लेकर चिंतित नजर नहीं आती। मानसून की अनिश्चितता और ऊर्जा संकट आने वाले महीनों में महंगाई को और बढ़ा सकते हैं। ऐसे हालात से निपटने के लिए अभी से प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
हवाई सर्वे पर विधानसभा में मांगा जाएगा जवाब
जिले में चल रहे हवाई सर्वे के संबंध में पूछे गए सवाल पर उमेश पटेल ने कहा कि उन्हें भी इसकी जानकारी मिली है। हालांकि यह सर्वे कौन करा रहा है और इसका उद्देश्य क्या है, इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के आगामी सत्र में सरकार से इस संबंध में सवाल पूछा जाएगा।
विकास और पर्यावरण में संतुलन जरूरी
उमेश पटेल ने कहा कि प्राकृतिक संपदा और सुंदरता से भरपूर जशपुर जिले में पर्यावरण संरक्षण और विकास कार्यों के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने हाल ही में नेशनल मेडिकल काउंसिल की ओर से प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को मान्यता नहीं मिलने का भी जिक्र किया।
लोहरदगा-धरमजयगढ़ रेल लाइन की मंजूरी का स्वागत
विधायक ने कहा कि जशपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग का काम पिछले 15 वर्षों में भी पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में रेल परियोजना का भविष्य क्या होगा, यह देखने वाली बात है। हालांकि उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से लोहरदगा-धरमजयगढ़ रेल लाइन को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया।










