बेकाबू कार ने कुंड की परिक्रमा कर रहे लोगों को रौंदा: 5 घायल रेफर, गुस्साई भीड़ ने वाहन को गड्ढे में धकेला

डीग में कार सवार ने 5 किमी के अंदर 10 लोगों को टक्कर मार दी। कोई पैदल काम से जा रहा था तो कोई विमल कुंड की परिक्रमा कर रहा था। लोग कार सवार को पकड़ने दौड़े तो फरार होने के चक्कर में कार कच्चे रास्ते पर पलट गई।

ड्राइवर इससे उतरा और मौके से भाग गया, गुस्से भीड़ ने कार को धक्का देकर गड्ढे में पलटा दिया। पुलिस मामले की जांच में लगी है, कार के नंबर के आधार पर ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

हादसा कामां थाना इलाके के कोसी चौराहे का है। ड्राइवर ने गाड़ी अक्खड़वाड़ी मोड़ तक भगाई। घायलों का इलाज कामां के सरकारी अस्पताल में चल रहा है। वहीं 5 गंभीर घायलों को भरतपुर RBM रेफर किया है।

पहले पैदल चल रहे युवक को उड़ाया

मौके पर मौजूद हरिओम ने बताया- सबसे पहले कार सवार व्यक्ति ने कोसी चौराहे पर पैदल जा रहे युवक को टक्कर मारी थी। लड़का नीचे गिर गया और आरोपी ड्राइवर ने कार भगा दी। ऐसे में, लोग उसके पीछे भागने लगे। लोगों से बचने के लिए अपनी कार को नगर पालिका वाली रोड पर मोड़ लिया।

परिक्रमा कर रहे 9 को टक्कर मारी

हरिओम ने बताया- यहां उसने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारी। इसके बाद तीर्थराज विमल कुंड की परिक्रमा लगा रहे लोगों को टक्कर मार दी। ऐसे में वहां भगदड़ मच गई। आरोपी ने इसके बाद भी कार नहीं रोकी। वहां से भगाता हुआ अक्खड़वाड़ी मोड़ ले गया, जहाँ कच्चे रास्ते पर कार पलट गई। आरोपी कार से उतरकर भाग गया। इसके बाद मोड़ पर भीड़ इकठ्ठा हो गई और जाम लग गया।

भीड़ ने कार गड्ढे में धकेली

मौके पर मौजूद लोगों ने कार को साइड करने के लिए उसे पलटा कर गड्ढे में धकेल दिया। इसके बाद जाम खोला गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर कार के मालिक का पता लगाने की कोशिश कर रही है। वहीं घटना में घायल हुए सभी घायलों का कामां अस्पताल में इलाज जारी है।

ये हुए घायल-

  • लक्ष्मी (28) निवासी इंदौली (रेफर)
  • सोना (30) निवासी घाटा (रेफर)
  • अमर चंद (50)
  • गीता (42) निवासी गुरुग्राम (रेफर)
  • लजजा (35) निवासी छीछरवाड़ी
  • सुनीता (40)
  • मुकेश (40) निवासी परमदरा (रेफर)
  • सुमित (17) निवासी कामां
  • रामभरोसी (70) निवासी कामां (रेफर)
  • कुमकुम (9) निवासी छीछरवाड़ी

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com