कोरबा से आई अनोखी पहल: ‘गजराज ऐप’ बनेगा हाथियों का GPS गार्डियन, अब नहीं होगी जनहानि!

कोरबा: छत्तीसगढ़ का कोरबा जिला अपने घने वन क्षेत्रों और हाथियों की मौजूदगी के लिए जाना जाता है.यह इलाका राज्य के सबसे अधिक हाथी प्रभावित क्षेत्रों में से एक माना जाता है.कई बार ग्रामीण इलाकों में हाथियों के झुंड के आने से मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिनमें जनहानि और फसलों का नुकसान होता है.

अब इस समस्या से निपटने के लिए वन विभाग ने तकनीकी समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया है. विभाग ने ‘गजराज मोबाइल ऐप’ के माध्यम से हाथियों की निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की नई पहल शुरू की है.


‘गजराज ऐप’ से हाथियों की हर गतिविधि पर नजर

कटघोरा वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत के अनुसार, पिछले दो वर्षों से यह ऐप क्षेत्र में प्रभावी रूप से काम कर रहा है और इसके परिणाम काफी सकारात्मक रहे हैं.
इस ऐप के जरिए हाथियों की लोकेशन, दिशा और मूवमेंट की रियल टाइम जानकारी विभाग के पास रहती है.हाथी प्रभावित गांवों के ग्रामीणों को इस ऐप में पंजीकृत किया गया है। उन्हें ऐप संचालन के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है ताकि वे समय पर सूचनाएं भेज और प्राप्त कर सकें.

फोन कॉल और एसएमएस से मिलती है चेतावनी

जैसे ही किसी इलाके में हाथियों की गतिविधि दर्ज होती है, ऐप के माध्यम से उस क्षेत्र के पंजीकृत ग्रामीणों को फोन कॉल या एसएमएस अलर्ट भेजा जाता है.इससे ग्रामीणों को पहले से जानकारी मिल जाती है और वे हाथियों के झुंड से दूर रहने के लिए सुरक्षित स्थानों पर चले जाते हैं।वन विभाग के अनुसार, गजराज ऐप शुरू होने के बाद से मानव-हाथी द्वंद में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है.

करंट से होने वाली घटनाओं में भी आई गिरावट

इस ऐप से एक और बड़ा लाभ यह हुआ है कि जिन क्षेत्रों में बिजली की तारें नीचे झूलती हैं, उनकी सूचना भी रियल टाइम में दर्ज की जा सकती है.इस प्रक्रिया में विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी ऐप से जुड़े हुए हैं.आपसी समन्वय के चलते अब दो वर्षों से करंट लगने से हाथियों या ग्रामीणों की मौत की कोई घटना दर्ज नहीं हुई है.

वन विभाग का मानना है कि ‘गजराज मोबाइल ऐप’ न केवल एक तकनीकी नवाचार है बल्कि मानव और वन्यजीवों के बीच सह-अस्तित्व की दिशा में बड़ा कदम साबित हो रहा है. ग्रामीणों की सुरक्षा और हाथियों के संरक्षण, दोनों में यह ऐप एक मजबूत कड़ी बन गया है.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com