UP: दोस्तों के साथ की शराब पार्टी, फिर नहर में गया नहाने गया युवक… हो गया लापता

औरैया जिले में दोस्तों के साथ शराब पार्टी करने के बाद नहर में नहाने गए एक युवक के डूबने से हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को बुलाकर युवक की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका. घटना बेला थाना क्षेत्र के गांव डमरपुर स्थित रामगंगा नहर झील के पास की है.

रविवार दोपहर करीब दो बजे रसूलाबाद की बंगाली कॉलोनी महेंद्र नगर निवासी तीन दोस्त विदान बंगाली (40), विवेक (32) और शेखर (20) नहर किनारे पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि तीनों ने पहले शराब पार्टी की और इसके बाद नहर में नहाने के लिए उतर गए. इसी दौरान शेखर अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा.

उसे बचाने के लिए उसके दोनों दोस्त भी नहर में कूद पड़े. कुछ देर बाद विवेक और शेखर तो किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन विदान बंगाली नहर से बाहर नहीं निकल सका और गहरे पानी में लापता हो गए

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने करीब तीन बजे डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी.

एसडीआरएफ टीम कर रही तलाश

मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी गंगादास गौतम और याकूबपुर चौकी इंचार्ज संदीप जादौन ने लोगों से घटना की जानकारी लेकर युवक की तलाश शुरू कराई. पुलिस ने युवक को खोजने के लिए एसडीआरएफ टीम को बुलाया है.

बताया जा रहा है कि विदान बंगाली शनिवार को ही जोधपुर से मजदूरी कर अपने गांव लौटा था. वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. परिवार में पत्नी सुशीला और तीन बेटियां अर्पिता (14), मन्नू (10) और सिया (2) हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

वहीं घटना के बाद गांव में भी हड़कंप मचा है. थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि नहर में डूबे युवक की तलाश जारी है और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है. मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई

close