UP News : “बिजली विभाग पुलिस से भी गया गुजरा: मंत्री शर्मा का फूटा गुस्सा, बेलगाम अफसरों को चेतावनी”

दरअसल, घंटों बिजली न आने से परेशान रिटायर्ड अधिकारी ने जब एसई प्रशांत सिंह को फोन किया तो जवाब में उन्हें 1912 पर फोन करने की सलाह देकर पल्ला झाड़ लिया गया।

UP News/उत्तर प्रदेश में बिजली विभाग की लापरवाह कार्यशैली इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। राज्य के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा अपने ही विभाग के अफसरों से खासे नाराज चल रहे हैं। आए दिन मिल रही शिकायतों और अधिकारियों के असंवेदनशील रवैये ने मंत्री के सब्र का बांध तोड़ दिया है।

ताजा मामला बस्ती जिले का है, जहां अधीक्षण अभियंता (SE) प्रशांत सिंह और एक रिटायर्ड PCS अफसर के बीच हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया है। इस ऑडियो में एसई न केवल उपभोक्ता से बदसलूकी करते सुने गए, बल्कि उन्होंने अपनी सियासी रसूख की भी धौंस दिखाई।

दरअसल, घंटों बिजली न आने से परेशान रिटायर्ड अधिकारी ने जब एसई प्रशांत सिंह को फोन किया तो जवाब में उन्हें 1912 पर फोन करने की सलाह देकर पल्ला झाड़ लिया गया।

यही नहीं, बात करते हुए SE प्रशांत सिंह ने खुद को सपा सांसद रामजी लाल सुमन का बहनोई और पूर्व सांसद राज बब्बर का साला बताकर राजनीतिक संबंधों का बखान करना शुरू कर दिया। ऐसे समय में जब उपभोक्ता बिजली संकट से जूझ रहा हो, अफसर का यह रवैया लोगों को और भी अधिक आक्रोशित कर रहा है।

यह मामला जब ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के संज्ञान में आया तो उन्होंने बिना देर किए कार्रवाई का संकेत देते हुए पूरे बिजली विभाग को सख्त चेतावनी दे डाली।

उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की कार्यशैली और उपेक्षा जारी रही तो अफसरों को इसका भयंकर परिणाम भुगतना पड़ेगा। मंत्री ने बिजली विभाग की तुलना पुलिस से करते हुए कहा कि आज यह विभाग पुलिस से भी गया गुजरा हो गया है।

ए.के. शर्मा ने साफ कर दिया है कि जनता की सेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बेलगाम अधिकारियों पर नकेल कसना अब जरूरी हो गया है।

जनता की लगातार बढ़ती शिकायतें और घटती सेवाएं राज्य सरकार के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या इस वायरल ऑडियो के बाद कोई सख्त प्रशासनिक कार्रवाई होती है या यह मामला भी महज एक और विवाद बनकर रह जाएगा।UP News

NewsDesk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close