मनेंद्रगढ़ में भाजपा की बैठक के बाहर हंगामा, कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष पर लगाए मनमानी के आरोप

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में आयोजित भाजपा के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान पार्टी के ही कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष चम्पा देवी पावले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। नगर पंचायत खोंगापानी में आयोजित बैठक के बाहर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए संगठन की कार्यप्रणाली और नियुक्तियों को लेकर नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, सम्मेलन में जिला अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसमें बाद में बड़ी संख्या में अन्य कार्यकर्ता भी शामिल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायतों और स्थानीय निकायों में एल्डरमैन की नियुक्तियों में पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि संगठनात्मक फैसलों और नियुक्तियों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है तथा मनमाने तरीके से कुछ लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदर्शन में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेंद्र विश्वकर्मा और पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद गुप्ता सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता भी शामिल रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिससे संगठन के भीतर असंतोष बढ़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कार्यकर्ताओं की भावनाओं की अनदेखी जारी रही तो इसका असर संगठन की एकजुटता पर पड़ सकता है। वहीं जिला अध्यक्ष चम्पा देवी पावले ने कहा कि इस तरह की नारेबाजी भाजपा की रीति-नीति के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता को कोई शिकायत थी तो उसे बैठक के दौरान अपनी बात रखनी चाहिए थी। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं से बातचीत का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने अपनी नाराजगी का कारण विस्तार से बताने से इनकार कर दिया।











