Arvind Kejriwal के पालम दौरे पर हंगामा, BJP-AAP कार्यकर्ताओं में झड़प

Delhi के पालम इलाके में अग्निकांड पीड़ितों से मिलने पहुंचे अरविंद केजरीवाल के दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान आम आदमी पार्टी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर मारपीट और बदसलूकी के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, पालम में हुए अग्निकांड में 9 लोगों की मौत के बाद केजरीवाल पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि उन्हें पीड़ित परिवारों से मिलने से रोका गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि मौके पर कुर्सियां तक फेंकी गईं और यह घटना अमानवीयता को दर्शाती है।
उन्होंने अग्निकांड को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा कि प्रशासन की लापरवाही के कारण लोगों की जान गई। उनके मुताबिक, फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची और हाइड्रोलिक लिफ्ट भी काम नहीं कर रही थी, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ।
वहीं, आम आदमी पार्टी के नेताओं ने दावा किया कि झड़प के दौरान एक कुर्सी फेंकी गई, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया। पार्टी ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद दोनों राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं, जबकि पीड़ित परिवारों के बीच दुख और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।











