उत्तर प्रदेश: रायबरेली में गैस सिलेंडर को लेकर हाहाकार, सुबह से लाइनों में खड़े उपभोक्ता

रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालात यह हैं कि गैस एजेंसियों के बाहर सुबह होते ही उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लग जा रही हैं. लोग सुबह से ही सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े हो जाते हैं, लेकिन कई बार घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है.

मंगलवार को जिले के ऊंचाहार, सलोन, महराजगंज समेत कई कस्बों और ग्रामीण इलाकों में गैस सिलेंडर को लेकर हाहाकार मचा रहा. एजेंसियों के बाहर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. कड़ी धूप और उमस के बीच छोटे-छोटे बच्चे तक अपने परिजनों के साथ लाइन में खड़े दिखाई दिए. कई लोग सुबह से नंबर लगाकर सिलेंडर का इंतजार करते रहे.

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति नियमित नहीं हो पा रही है. कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि बुकिंग कराने के कई दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. जब एजेंसी पर सिलेंडर आने की सूचना मिलती है तो लोग सुबह से ही लाइन लगाकर खड़े हो जाते हैं. इसके बावजूद कई लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ता है.

महिलाओं ने बताया कि गैस सिलेंडर की कमी के कारण घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है. कई परिवारों को मजबूर होकर लकड़ी या चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी ज्यादा खराब बताई जा रही है, जहां लोगों को कई-कई दिनों तक गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है.

उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसियों पर सिलेंडर की संख्या सीमित होने के कारण सभी लोगों को गैस नहीं मिल पाती. जैसे ही ट्रक से सिलेंडर उतरते हैं, कुछ ही समय में स्टॉक खत्म हो जाता है. ऐसे में घंटों लाइन में लगे कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ता है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति को जल्द सुचारु कराया जाए, ताकि आम जनता को इस समस्या से राहत मिल सके. वहीं जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी ली जा रही है और आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com