महासमुंद में इंसानियत शर्मसार: गाय के साथ कथित घिनौनी हरकत का VIDEO वायरल, जनआक्रोश के बाद आरोपी गिरफ्तार

पिथौरा/महासमुंद। महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र के रावणभाठा इलाके में गौवंश के साथ कथित अप्राकृतिक कृत्य का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 25 जून की देर रात करीब 1 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने एक व्यक्ति को सड़क किनारे खड़ी गाय के साथ आपत्तिजनक हरकत करते देखा। लोगों के पास पहुंचते ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय गौसेवकों और नागरिकों में आक्रोश फैल गया। गौ क्रांति मंच के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संदेही आरोपी आइतराम चक्रधारी, निवासी रावणभाठा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद न्यायालय में चालान पेश किया जाएगा।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया और हालात पर नजर बनाए रखी। स्थानीय गौसेवकों और सामाजिक संगठनों ने आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में भी गौवंश के साथ कथित अप्राकृतिक कृत्य का मामला सामने आया था, जिसमें वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था।









