बीजापुर-गीदम-जगदलपुर बस में आदिवासी दंपती से अभद्रता का VIDEO वायरल, बस मालिक ने कंडक्टर को हटाया

बीजापुर। बीजापुर-गीदम-जगदलपुर मार्ग पर चलने वाली एक यात्री बस में आदिवासी दंपती के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बस का कंडक्टर दंपती से ऊंची आवाज में बहस करता और युवक का हाथ पकड़कर बस से नीचे उतरने के लिए कहता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने घटना पर नाराजगी जताई, जिसके बाद बस मालिक ने कंडक्टर को नौकरी से हटा दिया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार (13 जुलाई) को विश्वनाथ कंपनी की बस दंतेवाड़ा से जगदलपुर जा रही थी। रास्ते में बस्तर जिले के किलेपाल के पास से एक आदिवासी दंपती बस में सवार हुए। दोनों को कोड़ेनार के पास उतरना था, जिसके लिए कुल किराया 20 रुपये था।

बताया जा रहा है कि किराया देते समय युवक ने कंडक्टर को 500 रुपये का नोट दिया। कंडक्टर के पास पर्याप्त छुट्टे नहीं थे। उसका कहना है कि उसके पास 470 रुपये ही थे और उसने यात्री से 10 रुपये अतिरिक्त देने को कहा, लेकिन यात्री इसके लिए तैयार नहीं हुआ। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

बस में मौजूद एक यात्री ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद आदिवासी दंपती के साथ हुए व्यवहार को लेकर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।

मामले में कंडक्टर ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि छुट्टे पैसे नहीं होने के कारण विवाद हुआ। उसने माना कि उसने ऊंची आवाज में बात की और यदि उसके व्यवहार से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए माफी मांगता है। कंडक्टर का यह भी कहना है कि विवाद के दौरान यात्री ने भी उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com