Nitish Kumar के कार्यक्रम के बाद मुंगेर में सब्जियों की लूट, वीडियो वायरल

Munger में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान आयोजित कार्यक्रम के बाद एक अजीब स्थिति देखने को मिली, जहां कृषि प्रदर्शनी में रखी सब्जियों को लोगों ने लूट लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, सफियाबाद हवाई अड्डा मैदान में जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। कृषि विभाग के स्टॉल पर आलू, प्याज, बैंगन और गाजर सहित कई सब्जियां प्रदर्शन के लिए रखी गई थीं।
बताया जा रहा है कि जब तक मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे, तब तक स्थिति सामान्य रही। उनके रवाना होते ही भीड़ अचानक स्टॉल की ओर बढ़ी और सब्जियां उठाने की होड़ लग गई। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वायरल वीडियो में लोग झोले और हाथों में सब्जियां लेकर जाते हुए नजर आ रहे हैं। इस घटना ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं और भीड़ नियंत्रण पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन या सरकार की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इससे पहले भी राज्य में मुख्यमंत्री के एक कार्यक्रम के दौरान इसी तरह की घटना सामने आ चुकी है, जब सहरसा में मत्स्य विभाग के स्टॉल से मछलियां ले जाने का वीडियो वायरल हुआ था। अब मुंगेर की घटना ने एक बार फिर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।











