सनरूफ स्टंट का VIDEO वायरल: हाईवे पर लापरवाही से कार दौड़ाने वाला युवक पकड़ा गया, युवतियों को चेतावनी देकर छोड़ा

रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर चलती कार में खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में कार चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हालांकि, कार के सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट कर रही युवतियों को समझाइश देकर छोड़ दिया गया।

चलती कार में किया खतरनाक स्टंट

जानकारी के अनुसार, घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र स्थित रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे की है। शनिवार तड़के एक कार तेज रफ्तार में हाईवे पर दौड़ रही थी। इसी दौरान कार का चालक लापरवाही से वाहन को सड़क पर लहराते हुए चला रहा था, जबकि दो युवतियां सनरूफ से बाहर निकलकर मस्ती और स्टंट करती नजर आईं।

इस दौरान पीछे चल रहे किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने की कार्रवाई

वायरल वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की पहचान की। आरोपी युवक की पहचान प्रशांत जायसवाल (21) के रूप में हुई, जो पुराना बस स्टैंड क्षेत्र का निवासी है।

पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि उसने वाहन चलाते समय यातायात नियमों का उल्लंघन किया। इसके बाद पुलिस ने कार जब्त कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।

युवतियों पर नहीं हुई कानूनी कार्रवाई

मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। कार के सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करने वाली युवतियों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस का कहना है कि उन्हें भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी देते हुए छोड़ दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे वाहन सवारों और अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com