अडाणी पावर प्लांट में श्रमिक की मौत के बाद हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़

सिंगरौली के माढ़ा थाना क्षेत्र के बंधौरा स्थित अडाणी पावर प्लांट में एक श्रमिक की मौत के बाद मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित मजदूरों ने प्लांट परिसर में जमकर हंगामा किया और ठेकेदार कंपनी के कार्यालय में आग लगा दी। घटना के दौरान परिसर में खड़ी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और कुछ वाहनों को पलट दिया गया।
जानकारी के अनुसार झारखंड के गढ़वा निवासी 38 वर्षीय श्रमिक लल्लन सिंह की शुक्रवार रात आवास पर मौत हो गई थी। श्रमिक ठेका कंपनी के तहत प्लांट में काम करता था। मौत की खबर के बाद मजदूरों में आक्रोश फैल गया और यह अफवाह भी फैल गई कि श्रमिक की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है। मजदूरों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन मामले को दबाने और शव को छिपाने की कोशिश कर रहा है।
गुस्साए मजदूरों ने ठेका कंपनी के कार्यालय परिसर में खड़े वाहनों के शीशे तोड़ दिए और कई गाड़ियों में आग लगा दी। इस दौरान पुलिस और अधिकारियों के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना भी सामने आई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर करीब 200 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस ने मजदूरों को समझाकर माहौल शांत कराया।
मजदूरों की मांग है कि मृत श्रमिक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। श्रमिक का शव पोस्टमार्टम के बाद झारखंड भेज दिया गया है।
वहीं कंपनी प्रबंधन का कहना है कि श्रमिक की मौत उसके आवास पर हुई और प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हृदयाघात बताया जा रहा है। प्रबंधन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा और नियमानुसार परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।










