रायपुर एयरपोर्ट पर वीआईपी मूवमेंट होगा आसान, सीएम विष्णु देव साय ने किया स्टेट हैंगर से विमान परिचालन का शुभारंभ

रायपुर: एयरपोर्ट पर मिलने वाली यात्री सुविधाओं में लगातार इजाफा किया जा रहा है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को स्वामी विवेकानंद विमानतल परिसर के माना कैम्प, स्टेट हैंगर से नियमित विमान परिचालन का शुभारंभ किया. उदघाटन के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इसी स्टेट हैंगर से अपने गुजरात प्रवास के लिए रवाना हो गए. इस नई व्यवस्था से राज्य में वीवीआईपी लोगों के आने और जाने के दौरान जो दिक्कतें आम मुसाफिरों को होती थी अब वो नहीं होगी. नई व्यवस्था के मुताबिक वीआईपी लोगों के आने जाने से आम लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगी.

रायपुर एयरपोर्ट पर वीआईपी मूवमेंट होगा आसान: स्टेट हैंगर के शुरू होने से अब वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान एयरपोर्ट टर्मिनल पर आम यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पडे़गा. वीवीआईपी लोगों के आने और जाने की गतिविधियां स्टेट हैंगर परिसर से ही संचालित की जाएंगी. इससे एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा और संचालन दोनों अधिक सुव्यवस्थित होंगे.

2012 में हुआ निर्माण: लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा साल 2012 में लगभग 6.50 करोड़ की लागत से इस स्टेट हैंगर का निर्माण कराया गया था. स्टेड हैंगर के संचालन के लिए आवश्यक डीजीसीए (DGCA) और बीसीएएस (BCAS) की अनुमति हाल ही में 31 अक्टूबर 2025 को प्राप्त हुई. अनुमति मिलने के बाद अब इसका नियमित परिचालन शुरू किया गया है.

एयरपोर्ट रनवे से जुड़ा टैक्सी वे ‘E’: नवनिर्मित स्टेट हैंगर को एयरपोर्ट रनवे से टैक्सी वे ‘E’ के माध्यम से जोड़ा गया है. इस तकनीकी व्यवस्था से वीवीआईपी उड़ानों का आवागमन अधिक तेजी और सुरक्षा के साथ हो सकेगा. इससे एयरपोर्ट के भीतर अलग-अलग रूट या व्यवस्था बनाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी.

राज्य के विमान और हेलीकॉप्टरों का रखरखाव यहीं होगा: राज्य शासन के स्वामित्व वाले विमान और हेलीकॉप्टरों के रखरखाव के लिए अब यही नया स्टेट हैंगर उपयोग में लाया जाएगा. इससे पहले राज्य सरकार किराए के स्टेट हैंगर पर निर्भर थी, जो अब समाप्त हो गई है. यह कदम न केवल सुविधाजनक बल्कि आर्थिक नजरिए से भी फायदेमंद साबित होगा.

जानिए क्या होता है स्टेट हैंगर: स्टेट हैंगर वो जगह या इमारत होती है जो हवाई अड्डे पर राज्य के विमानों को रख – रखाव करने और मरम्मत करने के लिए इस्तेमाल की जाती है. स्टेट हैंगर राज्य सरकार के स्वामित्व वाले विमानों के लिए होता है. यह वीआईपी लोगों के विमानों के आने-जाने की व्यवस्था को भी आसान बनाता है. इस व्यवस्था के जरिए आम लोगों को एयरपोर्ट पर दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ता. कई बार वीआईपी मूवमेंट के चलते और उनकी सुरक्षा के चलते एयरपोर्ट पर मुसाफिरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com