यूपी में पंचायत, प्रधान चुनाव के लिए इस दिन आएगी वोटर लिस्ट… इन 2 महीनों के बीच हो सकती है वोटिंग

यूपी पंचायत चुनाव 2026 को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति अब साफ हो गई है. पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि पंचायत चुनाव अपने तय समय पर ही होंगे और विधानसभा चुनाव से पहले पूरी प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी.
यूपी में पंचायत चुनाव को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं लगातार चल रही है. बीते कुछ समय से ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि पंचायत चुनाव टल सकते हैं. लेकिन ऐसी सभी चर्चाओं पर पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पूर्ण विराम लगा दिया है. उन्होंने साफ कर दिया है कि पंचायती चुनाव अपने तय समय पर होंगे वो भी विधानसभा से पहले. ऐसे में अब माना जा रहा है कि इस साल होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो गया है.
इन दो महीनों के बीच हो सकती हैं वोटिंग?
यूपी में प्रधान, जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य के त्रिस्तरीय चुनाव को लेकर पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि ‘पंचायत चुनाव समय पर विधानसभा चुनाव से पहले होंगे. सरकार इसके लिए पूरी तरह तैयार है. हर जिले में इसकी तैयारियां चल रही है. चुनाव के लिए जरूरी बैलेट पेपर्स जिलों में पहुंचा दिए गए हैं.
वहीं वोटर लिस्ट के प्रकाशन की प्रक्रिया भी जारी है. अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच पंचायत चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी. इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि राजभर ने कहा कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 28 को होने जा रहा है.’
28 मार्च को आएगी वोटर लिस्ट
बता दें कि फिलहाल मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य भी तेजी से चल रहा है. आयोग ने मतदाता पुनरीक्षण की पहली (अनंतिम/ड्राफ्ट) सूची पहले ही जारी कर दी है. इस सूची पर प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण विभिन्न स्तरों पर किया जा रहा है. आयोग ने समयसीमा बढ़ाते हुए अंतिम मतदाता सूची अब 28 मार्च को जारी करने का निर्णय लिया है.











