नशे की लत में पत्नी का किया सौदा, एक लाख में हुई डील, जाने से इनकार पर की पिटाई

पति-पत्नी का रिश्ता सात फेरों के बाद प्रेम और विश्वास का अटूट बंधन माना जाता है, लेकिन फरीदाबाद में एक पति ने अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए कथित तौर पर अपनी ही पत्नी का एक लाख रुपये में सौदा कर दिया. जब पत्नी ने ऐसा करने से इनकार किया तो शराबी पति ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसके चलते उसे अपने बच्चों के साथ पड़ोसी के घर में रात गुजारनी पड़ी
इसके बाद वह खेड़ी पुल थाना पहुंची, लेकिन उसका आरोप है कि पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की. अब महिला न्याय के लिए दर-दर भटक रही है. पीड़िता के मुताबिक, उसका पति उससे बार-बार पैसों की मांग करता था. कई बार वह पैसे दे भी चुकी है, लेकिन इस बार जब उसने पैसे देने से मना कर दिया तो पति ने कहा कि वह दो-तीन दिन के लिए किसी व्यक्ति के साथ चली जाए, जिसके बदले उसे एक लाख रुपये मिल जाएंगे. महिला ने इसका विरोध किया और साफ इनकार कर दिया.
18 साल पहले हुई थी शादी
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी को 18 वर्ष हो चुके हैं. उसका पति राकेश दिन में ऑटो चलाता है और रात में नशा करता है. नशे की इसी लत के चलते उसने न केवल अपना घर बेच दिया, बल्कि पत्नी के गहने भी बेच दिए. महिला ने बताया कि बीती रात राकेश नशे की हालत में किसी से झगड़ा कर घर पहुंचा और उसके साथ मारपीट करने लगा. इसके बाद वह खेड़ी पुल थाने में शिकायत लेकर पहुंची, लेकिन महिला का कहना है कि पुलिस ने इसे घरेलू और आपसी मामला बताकर कोई कार्रवाई नहीं की.
महिला का कहना है कि वह घर वापस नहीं गई, बल्कि अपने बच्चों के साथ पड़ोसी के घर में रात बिताई. अगले दिन जब वह घर पहुंची तो पति ने फिर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. पीड़िता के अनुसार वह एक नहीं, बल्कि दो बार थाने जाकर शिकायत दे चुकी है, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की.
न्याय नहीं मिलने पर छोड़ा घर
न्याय नहीं मिलने पर वह अपने बच्चों को लेकर घर छोड़कर चली आई और सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय पहुंच गई. हालांकि उसे यह भी पता नहीं था कि अपनी शिकायत लेकर किस अधिकारी से संपर्क करे. महिला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली है. आरोपी पति भी बुलंदशहर का ही निवासी है और पिछले कई वर्षों से फरीदाबाद में परिवार के साथ रह रहा है.
इस मामले में मीडिया के हस्तक्षेप के बाद फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही महिला से संपर्क करेगी और उसकी शिकायत पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.










