पति से झगड़े के बाद पत्नी का खौफनाक कदम: खाने में मिलाया जहर, 6 साल के बेटे की मौत; 3 की हालत गंभीर

मैहर: मध्य प्रदेश के रामपुर बघेलान थाना अंतर्गत बांधा गांव से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक मामूली घरेलू विवाद ने ऐसा भयानक रूप अख्तियार किया कि एक हंसता-खेलता परिवार तबाह हो गया. कथित तौर पर पति से झगड़े के बाद एक महिला ने पूरे परिवार के खाने में जहरीला पदार्थ मिला दिया, जिससे उसके 6 वर्षीय मासूम बेटे की इलाज के दौरान मौत हो गई.

विवाद के बाद आत्मघाती कदम

जानकारी के मुताबिक, बांधा गांव निवासी कुंदन शर्मा अपनी पत्नी ज्योति शर्मा और दो बेटों, आकाश (6 वर्ष) और अभिषेक (3 वर्ष) के साथ रहते थे. सोमवार शाम करीब 7 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई. विवाद से आक्रोशित होकर ज्योति ने कथित तौर पर रात के खाने में जहरीला पदार्थ मिला दिया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि ज्योति ने पहले अपने दोनों मासूम बच्चों को वह जहरीला खाना खिलाया, उसके बाद खुद खाया और अंत में पति कुंदन ने भी वही भोजन कर लिया.

3 साल के मासूम ने बचाई जान

जहर का असर होते ही घर के अंदर चीख-पुकार मच गई. इस दौरान 3 साल का छोटा बेटा अभिषेक किसी तरह हिम्मत जुटाकर घर से बाहर निकला और रोते हुए पड़ोसियों के पास पहुंचा. मासूम ने जैसे-तैसे पड़ोसियों को घर के अंदर सबकी तबीयत खराब होने की बात बताई. जब पड़ोसी भागकर घर पहुंचे, तो नजारा खौफनाक था. कुंदन, ज्योति और बड़ा बेटा आकाश बेसुध पड़े हुए थे. ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और सभी को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया.

एक मासूम की मौत, तीन जिंदगी और मौत के बीच

अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन दुर्भाग्यवश 6 वर्षीय आकाश शर्मा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं, कुंदन शर्मा, ज्योति शर्मा और छोटे बेटे अभिषेक की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है. तीनों का गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में उपचार चल रहा है.

पुलिसिया कार्रवाई और जांच

घटना की सूचना मिलते ही रामपुर बघेलान पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से खाने के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस के अनुसार, “मामला बेहद गंभीर है. परिजनों के अनुसार, विवाद के कारण महिला ने यह कदम उठाया है, लेकिन हम हर पहलू की जांच कर रहे हैं. बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी.

close