इंटरपोल की मदद से CBI ने तीन अंतरराष्ट्रीय अपराधियों को मुंबई में पकड़ा, मलेशिया भेजा

केंद्रीय जांच ब्यूरो ने इंटरपोल के सहयोग से एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई को अंजाम देते हुए तीन भगोड़े अपराधियों को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया और उन्हें मलेशिया डिपोर्ट किया। ये आरोपी लंबे समय से मलेशियाई एजेंसियों को वांछित थे और इनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी था।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम श्रीधरन सुब्रमणियम, प्रतिफ कुमार सेल्वराज और नविंद्रेन राज कुमारासन बताए गए हैं। तीनों पर संगठित अपराध, अवैध लाभ हासिल करने और प्रभाव बढ़ाने की साजिश जैसे गंभीर आरोप हैं। इनकी तलाश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर की जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपी यूनाइटेड किंगडम से भारत पहुंचे थे। मुंबई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें देश में प्रवेश की अनुमति नहीं दी। इसके बाद इंटरपोल की मलेशिया शाखा ने भारतीय एजेंसियों से संपर्क कर उन्हें मलेशिया भेजने में सहयोग मांगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रॉयल मलेशिया पुलिस की एस्कॉर्ट टीम मुंबई पहुंची। भारतीय एजेंसियों के समन्वय से तय प्रक्रिया के तहत तीनों आरोपियों को सुरक्षित रूप से मलेशिया भेज दिया गया।
इस कार्रवाई को भारत और मलेशिया के बीच मजबूत पुलिस सहयोग का उदाहरण माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान सीमा पार अपराधों से निपटने में अंतरराष्ट्रीय समन्वय और इंटरपोल रेड नोटिस की प्रभावशीलता को दर्शाता है।
CBI ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों के जरिए अंतरराष्ट्रीय अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी जाएगी, ताकि कानून के शिकंजे से बचने की कोशिश करने वालों पर सख्त संदेश दिया जा सके।










