संपत्ति विवाद में महिला और बेटियों की सरेआम पिटाई, बाजार में मारपीट का वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर एक महिला और उसकी बेटियों के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। कस्बे के बाजार में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक नवाबगंज निवासी एक महिला शनिवार को अपनी दो नाबालिग बेटियों के साथ बाजार जा रही थी। आरोप है कि बाजार के पास पहुंचते ही उसके जेठ और उनके बेटों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
महिला का आरोप है कि जब उसकी बेटियों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की और छेड़खानी भी की। विरोध करने पर आरोपियों ने बेल्ट, लाठी-डंडों और अन्य चीजों से महिला और उसकी बेटियों की पिटाई कर दी।
घटना के दौरान बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इस दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसमें बीच सड़क पर हो रही पिटाई साफ दिखाई दे रही है।
मारपीट की इस घटना में महिला और उसकी बेटियां घायल हो गईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग और दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद फिर से दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान कुल चार लोग घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों पक्ष नवाबगंज थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित महिला ने अपने जेठ और उनके बेटों पर छेड़खानी और मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई है।
थाना प्रभारी अरुण कुमार के अनुसार दोनों पक्षों के बीच मकान के बंटवारे को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते बाजार में कहासुनी के बाद मारपीट की घटना हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











