लाडकी बहिन योजना के भुगतान में देरी से जलगांव में महिलाओं का आक्रोश, कार्यालय में किया प्रदर्शन

महाराष्ट्र सरकार की मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता में देरी को लेकर जलगांव में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को सैकड़ों महिलाएं महिला एवं बाल विकास कार्यालय पहुंचीं और जल्द भुगतान की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। अचानक हुए हंगामे से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
योजना के तहत जिले में करीब 10 लाख से अधिक महिलाएं पात्र हैं, लेकिन KYC प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद एक लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में अब तक राशि जमा नहीं हो सकी है। इससे लाभार्थी महिलाओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का कहना है कि वे बार-बार कार्यालय के चक्कर काट रही हैं, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा। कई महिलाओं ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, KYC के दौरान हुई तकनीकी और दस्तावेजी त्रुटियों के कारण भुगतान अटक गया है। गलत विकल्पों के चयन और तकनीकी खामियों के चलते कई लाभार्थियों का स्टेटस अपात्र हो गया है, जिससे राशि जारी नहीं हो पाई।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जिन खातों में त्रुटियां हैं, उन्हें जल्द ठीक कर राशि जारी की जाएगी।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लाडकी बहिन योजना के भुगतान को लेकर महिलाओं में असंतोष बना हुआ है और प्रशासन पर जल्द समाधान करने का दबाव बढ़ता जा रहा है।











