WTC फाइनल में जड़ी थी सेंचुरी, अब ICC ने एडेन मार्करम को दिया ये अवॉर्ड; हीली ने हिलाई रिकॉर्ड बुक

साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज एडेन मार्करम ने आईसीसी का बड़ा अवॉर्ड अपने नाम किया है। पिछले महीने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी डब्ल्यूटीसी 2025 के फाइनल में शतक ठोकने वाले एडेन मार्करम को आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड मिला है। वहीं, वुमेंस कैटेगरी में ये अवॉर्ड वेस्टइंडीज की धाकड़ ऑलराउंडर हीली मैथ्यूज ने जीता है। हीली मैथ्यूज ने चौथी बार इस खिताब पर कब्जा किया है और वे ऐसा करने वाली दुनिया की दूसरी महिला क्रिकेटर हैं, जिन्होंने चार बार ये अवॉर्ड अपने नाम किया है।
एडेन मार्करम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डब्ल्यूटीसी फाइनल में दूसरी पारी में 207 गेंदों में 136 रन बनाए थे। 147 रनों की साझेदारी कप्तान टेम्बा बावुमा के साथ मिलकर की थी। इसके अलावा 2 विकेट भी उन्होंने चटकाए थे। इस दमदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अपने ही देश के दिग्गज गेंदबाज कगिसो रबाडा और श्रीलंका के ओपनर पथुम निसांका को पीछे छोड़कर प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड अपने नाम किया। मार्करम की दमदार पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने दशकों पुराना दाग अपने माथे से धुला। साउथ अफ्रीका को आईसीसी टूर्नामेंट्स का चोकर्स कहा जाता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
उधर, हीली मैथ्यूज ने घर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ दमदार खेल दिखाया और चौथी बार खिताब जीता। हीली मैथ्यूज ने इससे पहले नवंबर 2021, अक्टूबर 2023 और अप्रैल 2024 में यह पुरस्कार जीता है। दक्षिण अफ्रीका की ताजमिन ब्रिट्स और हमवतन एफी फ्लेचर को पछाड़कर ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर के बाद यह पुरस्कार चार बार जीतने वाली दूसरी खिलाड़ी बन गईं। वेस्टइंडीज की कप्तान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन एकदिवसीय मैचों में 104 रन बनाए, जिसमें तीसरे मैच में लगाया गया अर्धशतक भी शामिल है। उन्होंने सीरीज में चार विकेट भी लिए। इसके बाद 2-1 से टी20 सीरीज जीतने के बाद भी उनका शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्हें दो अर्धशतकों और कुल 147 रन और दो विकेट के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।





