Ranji Trophy 2025-26: बिहार की टीम में 14 साल के वैभव सूर्यवंशी बने उप-कप्तान, दिखाया अद्भुत टैलेंट

Ranji Trophy 2025-26/रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन की शुरुआत से पहले बिहार क्रिकेट टीम ने एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। टीम ने अपने पहले दो मुकाबलों के लिए 14 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को उप-कप्तान नियुक्त किया है। इस फैसले ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है, क्योंकि इतनी कम उम्र में किसी खिलाड़ी को रणजी टीम की उप-कप्तानी सौंपा जाना बेहद दुर्लभ है।

बिहार टीम इस सीजन प्लेट ग्रुप में खेल रही है और अपने अभियान की शुरुआत 15 अक्टूबर 2025 से पटना में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ करेगी। टीम की कप्तानी अनुभवी खिलाड़ी सकीबुल गनी के हाथों में सौंपी गई है, जबकि वैभव सूर्यवंशी इस सीजन में टीम के सबसे युवा और उभरते सितारे के रूप में मैदान में उतरेंगे।

वैभव सूर्यवंशी का हालिया प्रदर्शन शानदार रहा है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्होंने ब्रिस्बेन में खेले गए पहले यूथ टेस्ट में मात्र 78 गेंदों में शतक जड़कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। इस दौरे में उन्होंने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में कुल 133 रन बनाए और भारत को 2-0 की ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। यही नहीं, तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज़ में भी वैभव का बल्ला खूब बोला — उन्होंने तीन मैचों में 124 रन बनाए, जिसमें 68 गेंदों में 70 रन की धमाकेदार पारी शामिल थी।

इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर भी वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन यादगार रहा। जून-जुलाई में खेले गए पांच वनडे मैचों में उन्होंने 174.01 के स्ट्राइक रेट से 355 रन ठोके और सीरीज के टॉप स्कोरर बने। हालांकि, उसके बाद हुई टेस्ट सीरीज में वे कुछ संघर्ष करते नजर आए और चार पारियों में सिर्फ 90 रन बना सके।

अब सभी की निगाहें इस युवा खिलाड़ी पर होंगी क्योंकि आगामी रणजी ट्रॉफी सीजन वैभव सूर्यवंशी के लिए लाल गेंद क्रिकेट में अपनी असली काबिलियत साबित करने का सुनहरा मौका होगा। पिछले दो सीजन में बिहार के लिए खेले गए 5 प्रथम श्रेणी मैचों में उन्होंने 100 रन बनाए थे, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 41 रहा था।

बिहार टीम के कोचिंग स्टाफ को उम्मीद है कि वैभव इस बार अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलते हुए टीम को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

बिहार रणजी टीम (पहले दो मैचों के लिए): पीयूष कुमार सिंह, भाष्कर दुबे, सकीबुल गनी (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उप-कप्तान), अर्नव किशोर, आयुष लोहारूका, बिपिन सौरभ, अमोद यादव, नवाज खान, साकिब हुसैन, राघवेंद्र प्रताप सिंह, सचिन कुमार सिंह, हिमांशु सिंह, खालिद आलम, सचिन कुमार।

NewsDesk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close