धमतरी: सब्जी के पैसे मांगने पर युवक पर हसिया से हमला, सिर में 10 टांके; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सब्जी के पैसों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. पैसे मांगने पर एक युवक पर उसके साथी ने हसिया से हमला कर दिया, जिसमें युवक के सिर पर गंभीर चोट आई. उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर में 10 टांके लगाए गए. फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बांसपारा इलाके की है. थाना प्रभारी राजेश मरई ने बताया कि घायल युवक आशीष यादव अपने दोस्त प्रिंस नेताम के साथ सब्जी का कारोबार करता था. बुधवार को आशीष, प्रिंस से बकाया पैसे मांगने गया था. इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई और गुस्से में आकर प्रिंस ने हसिया से वार कर दिया.

हमले में घायल आशीष को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने आरोपी प्रिंस नेताम के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है.